फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: कलेक्ट्रेट परिसर में नवग्रह वाटिका स्थापित, अधिकारियों ने लगाए पौधे

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में नवग्रह वाटिका स्थापित कर पौधरोपण किया गया। प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना भी कराई गई। नवग्रह वाटिका के अंतर्गत विभिन्न ग्रहों से जुड़े पौधों का रोपण किया गया। जिलाधिकारी संजय चौहान ने पीपल का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की, जबकि पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने गूलर का पौधा लगाया। इसके अलावा एडीएम, सीएमओ और अन्य अधिकारियों ने भी पौधरोपण में हिस्सा लिया। कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की व्यवस्था भी की गई है। इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। बढ़ते तापमान, घटते भूजल स्तर और मौसम में आ रहे बदलावों का एक प्रमुख कारण हरित क्षेत्र में कमी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर जिले में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कराया जा रहा है। तहसील और ब्लॉक स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से पौधे लगाए जा रहे हैं। डीएम ने कहा, “यदि हमें आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देना है तो प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, उन्हें संरक्षित करना भी उतना ही जरूरी है।” प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपने घर, खेत, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा इस वर्ष भी बड़े स्तर पर पौधरोपण की तैयारी की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 33 प्रतिशत हरियाली कवर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने आमजन से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही हरित और स्वच्छ अमेठी का सपना साकार हो सकेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें