अमेठी सिटी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम मात्र दो दिन शेष हैं। अब तक वितरित 14.46 लाख मतदाताओं के फॉर्मों के सापेक्ष करीब 96 फीसदी कार्य पूरा हो गया है और 3.21 फीसदी कार्य शेष है। बीएलओ वितरित किए गए फॉर्मों को संकलित करने व नहीं मिले मतदाताओं को खोजने में परेशान हैं। मंगलवार को बूथ व तहसील सभागारों में बीएलओ के साथ अन्य कर्मी फॉर्मों की फीडिंग, रीचेक, मैपिंग और सत्यापन करते दिखाई पड़े। आयोग की ओर से 11 दिसंबर तक एसआईआर अभियान की अंतिम तिथि निर्धारित है। हालांकि अभियान के बढ़ने की उम्मीद है। कम समय को देखते हुए प्रशासन शेष बचा कार्य तेजी से निपटाने की कवायद में लगा है। कुल 1551 बूथों पर 14,36,528 मतदाता हैं। मंगलवार तक 13,94,668 (96.79 फीसदी) मतदाताओं के फॉर्मों को ऑनलाइन किया जा चुका है। इसमें 2,54,722 (17.76) फीसदी मतदाता मृत, शिफ्टिंग आदि के मिले हैं। अभियान में विधानसभावार लगे 1551 बीएलओ के सापेक्ष अब तक 895 बीएलओ ने शत-प्रतिशत काम पूरा कर लिया है। मंगलवार को जिला, तहसील व ब्लॉक स्तरीय अफसरों की मौजूदगी में बूथों और तहसील परिसरों में बीएलओ संग अन्य कर्मी ऑनलाइन करने के साथ फॉर्माें को रीचेक, मैपिंग व संसोधन का कार्य कर रहे थे। अमेठी के दरखा, गौरीगंज के प्राथमिक विद्यालय द्वितीय व पचेहरी पर मिले बीएलओ ने बताया कि शेष बचे फॉर्मों को संकलित करने में दिक्कत आ रही है और कुछ मतदाताओं के फॉर्म मिले है, जो खोजने पर भी नहीं मिल रहे हैं। पड़ोसियों से भी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। बताया कि संकलित फॉर्मों को ऑनलाइन करने संग रीचेक कर सत्यापित किया जा रहा है। अभियान में तिलोई अब तक है प्रथम एसआईआर अभियान में फॉर्म फीडिंग और मृत, शिफ्टेड को मिलाकर अब तक जिले की तहसील तिलोई का सबसे बेहतर प्रदर्शन रहा है, यहां पर मंगलवार तक मात्र 2.18 फीसदी शेष हे। तिलोई ने 2,82,867 (97.82) मतदाताओं के फॉर्मो को ऑनलाइन कर लिया है। वहीं जगदीशपुर ने 2,96,329 (77.59 फीसदी), अमेठी ने 2,81,845 (79.35 फीसदी) और गौरीगंज ने 2,78,905 (79.04 फीसदी) फॉर्म ऑनलाइन कर लिए हैं। समय से पूरा कर लिया जाएगा कार्य एडीएम अर्पित गुप्ता ने बताया कि निर्धारित अवधि में एसआईआर का काम पूरा कर लिया जाएगा। बताया कि अभियान की अवधि बढ़ने की कोई सूचना नहीं है। कहा कि जिन मतदाताओं ने अब तक फॉर्म नहीं भरा है या जमा नहीं किया है, वे जल्द बीएलओ के पास फॉर्म जमा करें।