अमेठी जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले में मरीजों का परीक्षण कर उपचार किया गया। जांच के दौरान गंभीर हालत वाले मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। मेले में बुखार, पेटदर्द और दस्त से पीड़ित मरीजों की संख्या सबसे अधिक रही। गौरीगंज के जेठूमवई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह से मरीजों की भीड़ रही। यहां पर डॉ. पीतांबर कनौजिया, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. उमेश कुमार और डॉ. आदित्य मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक दवाएं देते मिले। जेठूमवई निवासी साक्षी ने बताया कि हाथ में दाने निकल आएं, जलन और खुजली हो रही है। बाहर से दवा लेने के बाद भी राहत नहीं मिली, जिसके बाद जन आरोग्य मेले में उपचार कराया। वहीं धनी जलालपुर निवासी राज नारायन मिश्र ने बताया कि एक सप्ताह से बुखार और बदन दर्द हो रहा है। चिकित्सक ने जांच के बाद दवा देने के साथ आवश्यक जांच कराने और सावधानी बरतने की सलाह दी। मवई माताधाम निवासी हीरावती ने हाथ-पैर और कमर दर्द की शिकायत बताई।वहीं शुकुलडीह के बृजेशचंद्र ने बताया कि कमजोरी के साथ ही बारिश के कारण फोड़ा फुंसी हो गया है। चिकित्सकों ने मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई रखने, उबला या स्वच्छ पानी पीने तथा बुखार या दस्त होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की अपील की। मेले में कंतलाल, अभिषेक तिवारी, सीमा शुक्ला, अनीता यादव, साधना सिंह, नीतू सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। जिले के अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मरीजों की जांच कर निशुल्क दवाएं वितरित की गईं।