भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष नफीस चंदेल की अगुवाई में शुक्रवार को संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट तथा अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर बिजली समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष नफीस चंदेल ने आरोप लगाया कि महोना विद्युत केंद्र के अंतर्गत रसूलपुर बाबागंज चौराहा के पास करीब 25 से अधिक परिवार वर्षों से बिजली समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीण मजबूरी में लकड़ी के खंभों और बांस के सहारे बिजली का उपयोग कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व विभागीय ठेकेदार की ओर से गांव में केवल नौ बिजली के खंभे गाड़े गए थे, लेकिन न तो बाकी खंभे लगाए गए और न ही बिजली के तार खींचे गए। ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायत और मांग करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी व ठेकेदार उदासीन बने हुए हैं। भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो संगठन ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन करने को बाध्य होगा।