अमेठी में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शनिवार को अमेठी में रन फॉर यूनिटी एकता यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम की शुरुआत रामलीला मैदान से हुई। महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और अमेठी के प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने झंडी दिखाकर यात्रा को आगे बढ़ाया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित लोगों से सामाजिक एकजुटता और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता बढ़ाने की अपील की। देशभर में सरदार पटेल की जयंती एकता दिवस के रूप में मनाई जा रही है। जिले की कई विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग कार्यक्रम हो चुके हैं। इसी क्रम में अमेठी विधानसभा क्षेत्र की यह यात्रा सुबह से ही लोगों का ध्यान आकर्षित करती रही। कस्बे के मुख्य मार्गों से होकर गुजरने वाली यात्रा पुनः रामलीला मैदान पहुंचकर समाप्त हुई। करीब तीन किलोमीटर लंबी इस यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। भाजपा नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने कदम से कदम मिलाकर हिस्सा लिया। लोग पूरे रास्ते देशभक्ति गीतों के बीच आगे बढ़ते रहे। कई स्थानों पर कस्बेवासियों ने पानी और सहायता उपलब्ध कराकर सहयोग दिया। रामलीला मैदान पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने सरदार पटेल के राष्ट्रीय योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बताया कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता और दृढ़ निश्चय से देश का भूगोल मजबूत हुआ। उनकी नीति और नेतृत्व ने आधुनिक भारत की नींव को स्थिर स्वरूप दिया। यात्रा में सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम सक्रिय रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान मार्गों पर सुचारु व्यवस्था बनी रही। लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल में यात्रा पूरी की। अमेठी में आयोजित यह कार्यक्रम सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता रहा।