अमेठी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को पूरा जिला योगमय वातावरण में रंगा नजर आया। शहर से लेकर गांव तक आयोजित सामूहिक योग सत्रों में करीब ढाई लाख लोगों ने सहभागिता कर स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प लिया। जिलेभर में सरकारी संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक परिसरों, पार्कों और ग्राम पंचायत स्तर पर एक साथ योगाभ्यास कराया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम नवीन पुलिस लाइन परिसर में आयोजित हुआ, जहां 500 से अधिक प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवरणन टी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, विधायक राकेश प्रताप सिंह समेत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने योगाभ्यास कर लोगों को नियमित योग अपनाने का संदेश दिया। आयुष विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, 682 ग्राम सचिवालयों, 13 ब्लॉक मुख्यालयों तथा चारों नगर निकायों में योग सत्र आयोजित किए गए। इसके अलावा महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों, एनसीसी शिविरों, वृद्धाश्रमों, अमृत सरोवरों, सरकारी कार्यालयों और धार्मिक स्थलों पर भी विशेष कार्यक्रम हुए। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में लोगों ने विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास किया तथा निरोगी जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।