फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेठी में तिरंगे में लिपटा पहुंचा CRPF हवलदार का पार्थिव शरीर, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई

अमेठी में गौरीगंज के सराय हृदयशाह गांव निवासी सीआरपीएफ हवलदार गंगा प्रसाद (56) का पार्थिव शरीर शुक्रवार को तिरंगे में लिपटा सैन्य वाहन से उनके मुसाफिरखाना तिराहा स्थित आवास पहुंचा। बेटे को तिरंगे में लिपटा देख परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित अंतिम दर्शन को उमड़ पड़े। बताया गया कि गंगा प्रसाद वर्ष 1992 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात थे। बृहस्पतिवार को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को सीआरपीएफ के एसआई जेबी सिंह पार्थिव शरीर लेकर उनके आवास पहुंचे। रामगंज त्रिसुंडी के असिस्टेंट कमांडर अभिषेक यादव समेत अन्य सैन्य कर्मियों ने पूरे सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। इसके बाद परिजन पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी लेकर रवाना हो गए। गंगा प्रसाद की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पत्नी राजकुमारी रोते-बिलखते हुए बार-बार कहती रहीं कि कोई उन्हें जगा दे, वे सोए हुए हैं। यह दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। बेटी कर्मा और गायत्री तथा बेटे अजय और विजय पिता की याद में फूट-फूटकर रोते रहे। अजय ने बताया कि बुधवार रात पिता से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने सब कुछ ठीक बताया था और जल्द घर आने की बात कही थी, लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि अगली खबर इतनी दुखद होगी। परिवार और गांव के लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें