अमेठी में सोमवार को सांपों के जोड़े का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो जगदीशपुर क्षेत्र के कमरौली के गढ़ा मोड़ का बताया जा रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करती है। वीडियो में दो सांप काफी देर तक एक-दूसरे में लिपटे दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य देख राहगीर रुक गए और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों सांप लंबे समय तक एक ही स्थान पर रहे। कई लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाकर इस दुर्लभ दृश्य का अवलोकन किया, जबकि कुछ ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया। क्षेत्र में दिनभर इसकी चर्चा होती रही और लोग एक-दूसरे को वीडियो दिखाते नजर आए। ग्रामीणों का कहना है कि सांपों की गतिविधियों को देखने के लिए काफी देर तक लोग मौके पर मौजूद रहे। हालांकि किसी ने भी उनके पास जाने या छेड़छाड़ करने का प्रयास नहीं किया। इससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी। वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. राधारमण त्रिपाठी ने बताया कि सांपों में इस तरह का व्यवहार प्रजनन काल के दौरान अथवा आपसी प्रतिस्पर्धा के समय देखा जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे अवसरों पर वन्यजीवों से दूरी बनाए रखें और उन्हें परेशान न करें।