अमेठी में परिषदीय स्कूलों में अर्धवार्षिक परीक्षा के तीसरे दिन शुक्रवार को पहली पाली में कक्षा तीन में हिंदी और चार से आठ तक सामाजिक विज्ञान की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में कक्षा दो से आठ तक अंग्रेजी का पेपर हुआ। सामाजिक विज्ञान के कई प्रश्नों ने बच्चों को उलझन में डाला। शहर के बरनाटीकर उच्च प्राथमिक विद्यालय में छह, सात और आठ के विद्यार्थी अलग कक्षों में बैठे थे। प्रत्येक बेंच पर एक ही कक्षा के तीन बच्चे परीक्षा दे रहे थे। कक्षा छह की छात्रा सुनीता ने बताया कि लघु उत्तरीय भाग के 10 प्रश्न कठिन थे। कक्षा आठ की छात्रा चांद ने कहा कि इतिहास आधारित सवाल चुनौतीपूर्ण रहे, हालांकि सभी के उत्तर देने का प्रयास किया। इसी कक्षा के छात्र विपिन ने ग्राम प्रधान के कार्य से जुड़े सवाल को समझने में कठिनाई बताई। छात्र आयुष ने भी प्रश्नपत्र को कठिन बताया। प्रधानाध्यापक सिया श्रीवास्तव ने बताया कि प्रश्नपत्र विभाग से प्राप्त हुए हैं। कापियों की खरीद स्कूल स्तर पर करनी पड़ी। पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय पश्चिम दुआरा, प्राथमिक विद्यालय सारीपुर, बलीपुर और कटरलाजगंज में भी कठिन पेपर आने से बच्चे परेशान दिखे। बीएसए संजय कुमार तिवारी ने कहा कि परीक्षा परिणाम के बाद अभिभावकों को अंक बताए जाएंगे।