यूपी के अमेठी में शिवरतनगंज क्षेत्र के सिंहपुर गांव निवासी रोहित निर्मल की बेटी कामिनी (12) शनिवार को पैर फिसलने से तालाब में गिर गई। पानी अधिक होने से वह डूब गई। जब तक उसे बाहर निकला जाता, तब तक उसकी मौत हो गई। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। कामिनी की मां सरोज कुमारी ने बताया कि बेटी दोपहर में गाय लेकर गई थी। काफी देर तक वापस नहीं आई। जब खोजबीन की गई तो देर शाम तालाब किनारे उसकी एक चप्पल उतराती मिली। इससे अनहोनी की आशंका गहरा गई। इसके बाद गांव के अशोक ने तालाब में छलांग लगाई। काफी ढूंढने के बाद बच्ची मिली। उसे बाहर निकाला गया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष विवेक सिंह ने परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने पर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी।