यूपी के अमेठी में औद्योगिक क्षेत्र की एक निजी फैक्टरी में रविवार को करंट लगने से एक श्रमिक की मौत हो गई। मृतक का शव देर रात फैक्टरी की छत पर अचेत अवस्था में मिला। परिजनों ने फैक्टरी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इन्हौना क्षेत्र के चिलौली गांव निवासी रमन तिवारी (38) फैक्ट्री में जूनियर सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। रविवार सुबह सात बजे वे ड्यूटी के लिए निकले थे। दोपहर में पत्नी ने फोन किया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। शाम तक घर न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। रात करीब 11 बजे वे फैक्टरी पहुंचे लेकिन प्रबंधन और गार्डों से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। परिजन जब अंदर घुसे तो छत पर रमन का झुलसा हुआ शरीर अचेत पड़ा मिला। आनन-फानन में परिजन उन्हें ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।