यूपी के अमेठी में विकास भवन परिसर में सोमवार को रीता सिंह जन कल्याण समिति के सदस्यों ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार वितरण में अनियमितता और ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था ठप होने के मुद्दे को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं व किसानों ने जिला कार्यक्रम अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी कर व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने की मांग रखी। समिति के पदाधिकारियों का कहना रहा कि शासन स्तर से स्पष्ट निर्देश हैं कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री महिलाओं को हर माह पोषाहार उपलब्ध कराया जाए। इसके बावजूद विभागीय उदासीनता के चलते कई महीनों से नियमित वितरण नहीं हो पा रहा है। इसका सीधा असर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। कुपोषण जैसी गंभीर समस्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है। प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया गया कि अनेक गांवों में सफाई कर्मियों की नियमित तैनाती नहीं हो रही है। नालियों की सफाई न होने से गंदगी फैल रही है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने कई बार शिकायतें कीं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। किसानों ने चेतावनी दी कि हर माह पोषाहार वितरण सुनिश्चित नहीं किया गया और गांवों में सफाई व्यवस्था को सक्रिय नहीं किया गया तो संगठन को व्यापक आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर जिम्मेदारी संबंधित विभागों की मानी जाएगी। प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक विकास भवन परिसर में अफरातफरी का माहौल रहा। बाद में अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया, तब जाकर प्रदर्शन शांत हुआ।