अमेठी में मुंशीगंज स्थित रणवीर इंटर कॉलेज में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने अभ्यर्थी को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई है। जानकारी के अनुसार, जिले में तीन दिन तक चलने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा का आयोजन शनिवार से शुरू हुआ। मुंशीगंज स्थित रणवीर इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सुल्तानपुर जिले से आया एक अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचा था। परीक्षा के दौरान उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में चिंता बढ़ गई। इसी समय केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने स्थिति को देखते हुए तत्काल कदम उठाया। उन्होंने बिना देरी किए अभ्यर्थी को अपनी गाड़ी से मुंशीगंज अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से अभ्यर्थी की हालत में तेजी से सुधार हुआ और अब वह पूरी तरह स्वस्थ बताया गया है। उपचार के दौरान पुलिस अधीक्षक स्वयं अस्पताल में मौजूद रहे और डॉक्टरों से लगातार जानकारी लेते रहे।