यूपी के अमेठी में सोमवार देर रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहे युवक की हथौड़े से कूचकर हत्या कर दी गई। घटना से घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। मां की तहरीर पर गांव के ही चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना मोहनगंज थाना क्षेत्र के पूरे राजा भदसाना गांव की है। गांव निवासी बच्चन उर्फ इंतजार (28) हत्या हुई है। पत्नी मोनी ने बताया कि सोमवार की रात करीब 2 बजे कुछ लोग दबे पांव आए थे। घर के बाहर चारपाई पर सो रहे बच्चन पर हथौड़े से हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी भाग गए। इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।