अमेठी में शुक्रवार को पीपरपुर थाना क्षेत्र के खानापुर गांव निवासी दीपक मिश्रा की गांव के ही सचिन और श्रीकांत मिश्रा ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने उसे पिस्तौल दिखाने के बहाने बुलाया था। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज है। शनिवार को सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शव देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। महिलाएं बदहवास होकर रोने लगीं। आक्रोशित परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ उनके एनकाउंटर की मांग पर अड़ गए। गांव में तनाव बढ़ता देख पीपरपुर, संग्रामपुर, रामगंज, अमेठी और मुंशीगंज थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई। सीओ मनोज कुमार मिश्रा समेत कई अधिकारी गांव पहुंचे। वह परिजनों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन लोग कार्रवाई की मांग पर डटे रहे। ग्रामीणों का कहना था कि नामजद रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपी खुले घूम रहे हैं। इससे लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ गई। मृतक के भाई भरतलाल मिश्र ने आरोप लगाया कि गांव के प्रधान श्रीकांत मिश्रा और सचिन पांडेय ने उसके भाई की हत्या की है। जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। गांव में देर शाम तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।