जम्मूतवी से वाराणसी की तरफ जा रही बेगमपुरा एक्सप्रेस ट्रेन से बृहस्पतिवार को गिरकर एक यात्री की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व जीआरपी की टीमें मौके पर पहुंची हैं। जीआरपी की टीम मृतक की जेब से मिले मोबाइल से उसकी पहचान कराने की कोशिश में जुटी हुई है। मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के इसौली मोड़ स्थित पोल संख्या 107 के पास का है। जहां बृहस्पतिवार करीब 12 बजे जम्मूतवी से वाराणसी की तरफ जा रही बेगमपुरा एक्सप्रेस से एक युवक गिर गया जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पास में ही मौजूद केबिन के गेटमैन ने घटना की जानकारी पुलिस को देने के साथ ही स्टेशन मास्टर को दी। घटना की जानकारी मिलते ही मुसाफिरखाना एसएचओ विवेक सिंह मौके पर पहुंचे और युवक के जेब में मिले मोबाइल को दुकानदार के पास भेज कर लॉक तुड़वाने की प्रक्रिया में जुट गए है। लॉक टूटने के बाद ही युवक की पहचान हो पाएगी। एसएचओ द्वारा घटना की जानकारी जीआरपी को दी गई है जिसके बाद सुल्तानपुर जीआरपी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। मामला जीआरपी परिक्षेत्र में होने के कारण शव के पोस्टमार्टम के साथ ही अन्य विधिक कार्रवाई जीआरपी करेगी फिलहाल जीआरपी के आने तक स्थानीय पुलिस मौके पर मोजूद रहेगी।