यूपी के अमेठी में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए 'मिशन शक्ति 5.0' के तहत विशेष अभियान की शुरुआत हो गई है। 21 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्तूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत रोजाना अलग-अलग कार्यक्रम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित सीएमओ ऑफिस से आशा बहुओं की अगुवाई में जागरुकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी राकेश चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर एसीएमओ कम वर्तमान सिंह, एसीएमओ पीके उपाध्याय सहित सीएमओ ऑफिस के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। रैली सीएमओ ऑफिस से निकलकर हनुमान तिराहा और एसपी ऑफिस होते हुए वापस सीएमओ ऑफिस पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान आशा बहुओं ने नारे लगाकर महिलाओं को अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। डीएम राकेश चौहान ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। स्वास्थ्य, गृह और अन्य विभाग मिलकर महिलाओं तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचा रहे हैं। जिले में सिंगल विंडो व्यवस्था लागू की गई है। इस अभियान से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है।