फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेठी में आसमान से बरस रही आग, छांव और पानी तलाशते दिखे लोग

अमेठी में सूरज ने सुबह से ही तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए। सुबह नौ बजे के बाद धूप चुभने लगी और दोपहर तक हालात ऐसे हो गए मानो आसमान से आग बरस रही हो। जिले का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमश: चार और साढ़े तीन डिग्री अधिक रहा। उमस भरी गर्मी ने शहर से लेकर गांव तक जनजीवन बेहाल कर दिया। दोपहर में सड़कें सूनी पड़ गईं और बाजारों की रौनक फीकी पड़ गई। गौरीगंज के सब्जी मंडी मोड़ पर सुबह 11:20 बजे टांडा-बांदा हाईवे से गुजरने वाले राहगीर पेड़ों की छांव और पानी की तलाश करते नजर आए। सड़क किनारे गन्ने के रस और शिकंजी की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। रायबरेली जा रहे बाइक सवार रामकेवल ने बताया कि सड़क पर चल रही हवा भी शरीर को झुलसा रही है। वहीं ट्रक चालक इरफान ने कहा कि थोड़ी दूरी चलने के बाद ही पानी पीने के लिए वाहन रोकना पड़ रहा है। दोपहर एक बजे के बाद चौक बाजार और प्रमुख सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश यादव ने बताया कि लगातार बढ़ रही गर्मी और तेज हवाओं से खेतों की नमी तेजी से खत्म हो रही है। सब्जी और दलहनी फसलों पर असर पड़ने लगा है। किसानों को सुबह और शाम सिंचाई करने की सलाह दी गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में डिहाइड्रेशन, उल्टी, चक्कर और बुखार के मरीज बढ़े हैं। मेडिकल कॉलेज में लू वार्ड को अलर्ट पर रखा गया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि अगले दो से तीन दिन तक तेज धूप और उमस बनी रहने की संभावना है। पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें