अमेठी में जिला मुख्यालय गौरीगंज से सैठा मार्ग पर करीब सात किलोमीटर रोहसी बुजुर्ग गांव में प्रदेश का सबसे अद्भुत महामृत्युंजय धाम है। इस धाम परिसर में 108 शिवलिंग के साथ 12 ज्योतिर्लिंग और पंचमुखी शिव प्रतिमा स्थापित है। यहां पर दूर-दूर से भक्त अपने परिवार संग पहुंच कर सुख समृद्धि की कामना के लिए रुद्राभिषेक व पूजा अर्चना भी करवाते हैं। मान्यता है कि मंदिर में दर्शन पूजन करने से लोगों की अकाल मृत्यु कभी नहीं होती और भगवान भोलेनाथ प्रसन्न होकर उन्हें मनवांछित वर देते हैं। रोहसी बुजुर्ग निवासी व महात्मा मठ प्रयाग के महामंडलेश्वर स्वामी बल्लभानंद ने बताया कि उनके पिता प्रकांड विद्वान पंडित हरि नारायण मिश्र (हलधर महाराज) महामृत्युंजय अनुष्ठान के माध्यम से लोगों को कल्याण करते हैं। उनकी इच्छा के अनुसार इस धाम का निर्माण कराया जा रहा है। महामृत्युंजय धाम का शिलान्यास 17 नवंबर 2011 को गुजरात बड़ौदा के राजा राजेश प्रताप सिंह, रानी विजय लक्ष्मी और प्रतापगढ़ विधायक संजय त्रिपाठी व गौरीगंज विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र की मौजूदगी में हुआ था। धाम में 108 शिवलिंग की स्थापना होने संग 108 मंदिर बने हैं, जिले के साथ अन्य जनपदों व प्रांतों से लोग दर्शन पूजन के लिए आते हैं। बताया कि जहां पर 108 ज्योतिर्लिंग की स्थापना हो, वहां पर भगवान शिव संग माता पार्वती साक्षात निवास होने के साथ विशेष कृपा मिलती है। कहा कि जो भी भक्त एक साथ 108 शिवलिंग का दर्शन पूजन व जलाभिषेक करता है, उसे एक महामृत्युंजय यज्ञ का फल मिलता है।