अंबेडकरनगर। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत जलालपुर में मंगलवार को छात्र छात्राओं ने नगर में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। यह अभियान 7 से 21 जुलाई तक संचालित किए जा रहे शून्य दुर्घटना अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। रैली का शुभारंभ परिसर से नोडल अधिकारी तकदीश फातिमा ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राएं सड़क सुरक्षा संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क पार करते समय सावधानी बरतने का संदेश दिया। रैली में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जीजीआईसी जलालपुर, अमर गांधी बालिका इंटर कॉलेज, नरेंद्र देव इंटर कॉलेज, जफरिया नेशनल इंटर कॉलेज तथा मिर्जा गालिब इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से रैली निकालकर नगरवासियों का ध्यान सड़क सुरक्षा के महत्व की ओर आकर्षित किया।