अंबेडकरनगर। जिले के टांडा क्षेत्र के एकडल्ला गांव निवासी विपिन देव यादव ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 316वीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। 26 वर्षीय विपिन ने अपने चौथे प्रयास में यह सफलता हासिल की है। इनके पिता, बाबा और परदादा तीन पीढि़यों से टांडा कोतवाली में चौकीदारी करते आ रहे हैं। विपिन देव यादव ने बताया कि उन्होंने जून 2020 से वर्ष 2024 तक दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी की। इससे पहले 2018 से 2020 तक वह घर पर रहकर ही परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। वर्ष 2024 में वह साक्षात्कार (इंटरव्यू) तक पहुंचे थे, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका था। इसके बाद उन्होंने और मेहनत करते हुए वर्ष 2025 की परीक्षा दी, जिसका परिणाम अब घोषित हुआ है और उसमें उनका चयन हो गया। विपिन ने बताया कि उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा हिंदी माध्यम से पास की है। पहले उनका वैकल्पिक विषय भूगोल था, लेकिन वर्ष 2024 से उन्होंने हिंदी साहित्य को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना, जिसका उन्हें काफी लाभ मिला। शिक्षा की बात करें तो विपिन ने वर्ष 2015 में एसएसबी इंटर कॉलेज फैजाबाद से गणित वर्ग में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से वर्ष 2018 में गणित विषय से स्नातक किया। स्नातक के बाद से ही उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी थी। वर्तमान में वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को मेंटरशिप भी दे रहे थे और वर्ष 2025 में पीसीएस परीक्षा के अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन दे रहे थे। हाल ही में उन्होंने 28 फरवरी को पीसीएस का इंटरव्यू भी दिया है। विपिन के पिता राजा राम यादव टांडा कोतवाली में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता मेवाती देवी गृहिणी हैं। परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं। बड़े भाई इंद्रदेव यादव इंटर कॉलेज में विज्ञान के शिक्षक हैं और दोनों बहनों का विवाह हो चुका है। विपिन अपने गांव से यूपीएससी में चयनित होने वाले पहले अभ्यर्थी बने हैं। उनकी इस सफलता से गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।