अंबेडकरनगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमेन वर्मा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। यह आयोजन न केवल महिलाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम बना, बल्कि स्थानीय समुदायों और महिला समूहों की प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का एक मंच भी साबित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों के स्टाल लगाए गए, जिन पर सेवाओं और योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा बनाए गए हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टाल भी आकर्षण का केंद्र रहे। इस मौके पर युवा कल्याण विभाग की ओर से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। डीआईजी ने एनटीपीसी की ओर से मिशन शक्ति टीमों के लिए मुहैया कराई गई 14 स्कूटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। इस मौके पर डीएम अनुपम शुक्ला, एसपी अभिजीत आर शंकर, सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, एएसपी पूर्वी श्यामदेव के अलावा अन्य तमाम अधिकारी मौजूद रहे।