भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण व मकान गणना के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। बृहस्पतिवार को स्व-गणना अभियान की शुरुआ की गई है। इसके तहत नागरिक अब घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना अभियान 07 मई से 21 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम/प्रमुख जनगणना अधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति तथा विभागवार नामित प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। डीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण व मकान गणना का कार्य 22 मई से 20 जून तक किया जाएगा। इससे पहले 15 दिवसीय स्व-गणना अभियान की शुरुआत हुई है ताकि अधिक से अधिक लोग स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकें। सबसे पहले स्वगणना की पूरी प्रकिया को स्क्रीन पर समझाया गया। डीएम ईशा प्रिया ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं का आधार होती है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। डीएम ने 20 मई तक हर दिन के लिए अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई है। बृहस्पतिवार को सभी विभागाध्यक्षों की ओर से अपने कार्यालयों में एक हेल्पडेस्क की शुरुआत की गई जहां सबसे पहले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की स्व-गणना होगी। इसके बाद शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में स्वगणना के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। डीएम ने सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक प्रतिभाग कराने की अपील की है।