जलालपुर तहसील प्रशासन ने ग्राम अरई के पुरवा अजईपुर में राममिलन द्वारा ग्राम समाज की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटाकर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कर दिया। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में पुलिस और तहसील प्रशासन की भारी मौजूदगी में की गई। पूरे इलाके को इस दौरान छावनी में तब्दील कर दिया गया ताकि कार्रवाई सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न हो सके। इस भूमि पर कब्जा हटाने के प्रयास पिछले वर्ष भी किए गए थे। तत्कालीन एसडीएम पवन जायसवाल और पुलिस टीम के नेतृत्व में जब कार्रवाई की गई थी, तब अज्ञात कारणों से झोपड़ी में आग लग गई थी। उस समय बच्ची अन्नया किताब बचाने के लिए दौड़ी थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इस कार्रवाई को लेकर विपक्षी राजनीतिक दलों ने सरकार पर सवाल उठाए थे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मामले में सरकार को घेरा था और अनन्या व उसके परिजनों को लखनऊ बुलाकर मुलाकात भी की थी। साथ ही मदद का आश्वासन भी दिया गया था। उपजिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने बताया कि अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ क्षतिपूर्ति व अन्य वसूली कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब इस भूमि का उपयोग सार्वजनिक हित के लिए किया जाएगा, जिसमें बच्चों के लिए पार्क का निर्माण प्रस्तावित है।