श्रवण धाम महोत्सव की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। 18 से 20 जनवरी तक होने जा रहे महोत्सव के आयोजन के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों सहित महोत्सव को और आकर्षक बनाने के लिए कार्य कराए जा रहे हैं। महोत्सव का शुभारंभ 18 जनवरी को सुबह पूजन व हवन कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। इसके बाद स्थानीय कलाकारों की भक्ति गायन, लोकगीत, लोकनृत्य व स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। दोपहर में महिला सशक्तीकरण से संबंधित विभागीय कार्यक्रम व मुख्य अतिथि महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। वहीं, शाम को ब्रज के कलाकारों की फूलों की लट्ठमार होली, मयूर नृत्य, आरती व दीपोत्सव का आयोजन होगा जबकि रात्रि में प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा भजन संध्या प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव के दूसरे दिन 19 जनवरी को किसान सम्मेलन व गोष्ठी आयोजन के बाद राजस्थान, वाराणसी व झारखंड के कलाकारों की विविध लोकनृत्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शाम को आरती और रात्रि में कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास व उनकी टीम काव्य पाठ करेगी। महोत्सव के तीसरे व अंतिम दिन सुबह श्रवण धाम से शिव बाबा धाम तक हाफ मैराथन, सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ, श्रमिक व युवा सम्मेलन, विभिन्न विद्यालयों के छात्रों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण व सम्मान समारोह आयोजित होंगे। शाम को लेजर शो, लोकनृत्य प्रस्तुतियां व रामलीला मंचन का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए पूरे परिसर का रंगरोगन कराया जा रहा है। घाट की लिपाई चल रही है। रपटा पुल का निर्माण जोरों पर किया जा रहा है। पंडाल को भी भव्य रूप दिया जा रहा है।