अंबेडकरनगर में जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के नगपुर मुस्तफाबाद गांव में बृहस्पतिवार सुबह पेड़ की डाल से 26 वर्षीय रवि का शव लटकता मिला। शव बाइक के क्लच वायर के सहारे लटका हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। मृतक की मां शारदा के मुताबिक, रवि बुधवार रात खाना खाने के बाद घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला। घटनास्थल से करीब 25 मीटर दूर रवि का एक जूता भी बरामद हुआ। वहीं, उसके पास से दो मोबाइल फोन मिले हैं। परिजनों ने रवि की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। उधर, घटना के बाद गांव में भय का माहौल रहा। इसका असर गांव के प्राथमिक विद्यालय मुस्तफाबाद में भी देखने को मिला, जहां बृहस्पतिवार को एक भी बच्चा पढ़ने नहीं पहुंचा।