अंबेडकरनगर में सोमवार को जनता इंटर कॉलेज, फतेहपुर बड़ागांव में अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। क्षेत्राधिकारी अनूप सिंह ने साइबर अपराध से बचने के मुख्य बिंदुओं पर जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को रास्ते में गलत गतिविधि होने पर तुरंत रोकने और पुलिस के 112, 1090 जैसे नंबरों पर सूचना देने को कहा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव ने अपरिचितों को ओटीपी न देने की सलाह दी। उन्होंने मोबाइल पर आए निमंत्रण कार्ड लिंक की छानबीन के बाद ही खोलने को कहा, क्योंकि साइबर अपराधी इनका बड़े पैमाने पर प्रयोग कर रहे हैं। उप निरीक्षक ममता यादव ने छात्राओं को मिशन शक्ति के पंपलेट दिए। उन्होंने आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता के लिए महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी।