अंबेडकरनगर में शनिवार को सुबह से पड़ रही तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। जिले के कई क्षेत्रों में हुई बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। इस बीच जलालपुर विधान सभा क्षेत्र से चुनाव की तैयारी कर रहे सेवानिवृत्त जेल अधीक्षक शशिकांत मिश्र के काफिले पर जलालपुर-रामगढ़ मार्ग पर नेवादा के पास पेड़ गिर गया जिसमें वह और उनके साथी बाल बाल बच गए। सुबह से ही आसमान साफ रहने के कारण तेज धूप निकली थी। दोपहर तक गर्म हवाओं और उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया था। बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी। वहीं दोपहर बाद अचानक बादल छा गए और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। बारिश होने से किसानों के चेहरे भी खिल उठे। खेतों में खड़ी फसलों को नमी मिलने से लाभ की उम्मीद बढ़ गई है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में जलभराव की भी स्थिति देखने को मिली, लेकिन अधिकांश लोगों ने बारिश का स्वागत किया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। शाम तक आसमान में बादल छाए रहे और तापमान सामान्य दिनों की तुलना में कम महसूस किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं बारिश की संभावना बनी हुई है।