अंबेडकरनगर में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने इलेक्ट्रॉनिक बाजार की रौनक बढ़ा दी है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग जमकर एयर कंडीशनर (एसी), कूलर और पंखों की खरीदारी कर रहे हैं। व्यापारियों के मुताबिक इस बार एसी और कूलर की मांग पिछले वर्ष की तुलना में करीब डेढ़ गुना तक बढ़ गई है जबकि 10 से 12 फीसदी तक कीमतें भी बढ़ी हैं। शहर के शहजादपुर, पटेल नगर समेत विभिन्न बाजारों की इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर सुबह से देर रात तक ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है। खासतौर पर डेढ़ टन एसी की मांग सबसे अधिक देखी जा रही है। कम बजट वाले ग्राहक कूलर को प्राथमिकता दे रहे हैं। दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए छूट, एक्सचेंज ऑफर और आसान किस्तों की सुविधा भी दे रहे हैं। शहजादपुर के इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी सुशील बंका ने बताया कि इस समय कूलर की तुलना में एसी की मांग कहीं ज्यादा बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि बाजार में एसी की कीमतें 29 हजार से 55 हजार रुपये तक हैं, जबकि कूलर 4 हजार से 18 हजार रुपये तक बिक रहे हैं। ग्राहकों की पहली पसंद इन्वर्टर एसी बनते जा रहे हैं, क्योंकि इनमें बिजली की खपत कम होती है। पटेल नगर के दुकानदार अमित साहू ने बताया कि मध्यमवर्गीय परिवारों में कूलर की मांग लगातार बनी हुई है। प्रतिदिन 10 से 12 कूलर की बिक्री हो रही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न कंपनियां एसी पर आकर्षक ऑफर और आसान ईएमआई सुविधा दे रही हैं, जिससे बिक्री में तेजी आई है। व्यापारियों के अनुसार कच्चे तेल और प्लास्टिक दानों की कीमत बढ़ने से पंखों के दाम भी 10 से 12 फीसदी तक बढ़ गए हैं। इसके बावजूद भीषण गर्मी के चलते लोग राहत पाने के लिए खरीदारी कर रहे हैं। कारोबारियों का मानना है कि यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में बिक्री में और तेजी आ सकती है।