चांद दिखने के बाद बृहस्पतिवार से पवित्र माह रमजान की शुरुआत हो रही है। इसे लेकर अंबेडकरनगर में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक उत्साह का माहौल है। बाजारों में खरीदारी का दौर तेज हो गया है और शाम होते ही प्रमुख बाजारों में रौनक बढ़ जाती है। अकबरपुर के शहजादपुर में रोजेदार सहरी और इफ्तार के लिए खजूर, फलों, विभिन्न प्रकार के शरबत, सेवइयां और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। किराना और फल की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। कपड़ों की दुकानों पर भी लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। कई परिवार अभी से ही ईद के लिए कपड़ों और अन्य सामान की खरीदारी में जुट गए हैं। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जलालपुर में शाम होते ही लोगों की भीड़ बाजार में पहुंचना शुरू हुई, जिसके बाद देर शाम तक खरीदारी का दौर चलता है। टांडा, बसखारी और किछौछा की बाजारों में भी खासा रौनक देखने को मिली। इधर मस्जिदों और दरगाहों में साफ-सफाई और विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। शहर के मीरानपुर में बड़ा इमामबाड़ा समेत अन्य तमाम इबादतगाहों को सजाया जा रहा है, ताकि तरावीह और अन्य नमाज के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। धर्मगुरुओं ने रमजान के महीने में इबादत, सब्र और जरूरतमंदों की मदद पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। प्रशासन भी बिजली, पानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है, ताकि पवित्र माह के दौरान शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे। रमजान की आमद के साथ ही पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण और भाईचारे की भावना परिलक्षित हो रही है।