अतरसुइया के दरियाबाद मोहल्ले में सोमवार रात करीब नौ बजे हुए बम धमाके से पूरा मोहल्ला दहशत में है। घटना का पूरा दृश्य पास लगे कैमरे में कैद हो गया। एफआईआर के मुताबिक, आरोपी जीशान उर्फ भूरे, उसी मोहल्ले का निवासी है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक बगल की गली से आता है और वह थोड़ी देर इधर-उधर घूमकर हाथ में लिए विस्फोट पदार्थ सामने वाली गली में फेंक देता है, फिर फरार हो जाता है। गली में तेज धमाका के साथ धुएं का गुब्बार उठा और फिर कुछ युवक आरोपी के पीछे दौड़ते हुए दिख रहे हैं। अतरसुइया एसीपी राजकुमार मीणा ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में पता चला है कि भूमि विवाद के चलते आरोपी लोगों में डर पैदा करने के मकसद से यह हरकत की।