आगरा में परिवहन मेले में लोगों की समस्याएं सुनने और उन्हें राहत देने के लिए लगाए गए शिविर की व्यवस्था उद्घाटन के चंद मिनट बाद ही बिखर गई। उद्घाटन की औपचारिकता पूरी होते ही अधिकारी मौके से रवाना हो गए। कुछ ही देर बाद मेले में लगी कुर्सियां खाली रह गईं। अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे लोग अधिकारियों को तलाशते रहे, लेकिन मौके पर कोई अधिकारी नहीं मिला। इससे मेले में पहुंचने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। मौके पर सिर्फ एआरटीओ विनय कुमार बैठे हुए थे। उनके पास कुछ लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे। बाकी अधिकारियों के जाने के बाद मेले में सन्नाटा पसर गया। कुर्सियां खाली पड़ी रहीं और धीरे-धीरे वहां पहुंचे लोग भी लौटने लगे। मेले में अधिकारियों की मौजूदगी में ही समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद लेकर आए लोगों को मायूस होना पड़ा। खाली कुर्सियों की तस्वीरें मेले की व्यवस्थाओं की हकीकत बयां कर रही थीं।