उत्तर प्रदेश विधान परिषद की आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के तहत तीन मतदान केंद्रों पर 26 अक्तूबर को पुनर्मतदान कराया जा रहा है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, खैरागढ़, सैंया और फतेहाबाद स्थित तीन बूथों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। खेरागढ़ तहसील परिसर स्थित मतदान केंद्र पर सोमवार को उस समय स्थिति असहज हो गई, जब जीजीआईसी के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मतदान करने पहुंचे तो उन्हें जानकारी हुई कि उनका वोट पहले ही डाला जा चुका है। इस पर उन्होंने मौजूद अधिकारियों से शिकायत की और नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इतनी चुस्त दुरुस्त व्यवस्था के बावजूद उनकी जगह कोई दूसरा व्यक्ति वोट डालकर कैसे चला गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह वोट डाले बिना नहीं जाएंगे। इसके बाद पीठासीन अधिकारियों ने उच्चाधिकारी से फोन पर बात की और फिर उनका मतदान कराया गया।