आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में एलएलएम और मास्टर ऑफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षाएं 23 और 24 अगस्त को आयोजित की जाएंगी। एलएलएम की परीक्षा 23 अगस्त और एमएसडब्ल्यू की परीक्षा 24 अगस्त को होगी। दोनों परीक्षाओं का समय सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक निर्धारित किया गया है। एलएलएम में प्रवेश के लिए इस बार 515 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जबकि एमएसडब्ल्यू में 332 आवेदन प्राप्त हुए हैं। दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा अलग-अलग तिथियों पर होने के कारण अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। विधि संकाय विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव वर्मा ने बताया कि प्रवेश परीक्षा को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचना होगा। परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।