आगरा में कृषि विभाग ने शुक्रवार को खाद की कालाबाजारी करने के आरोप में तीन दुकानदारों पर कार्रवाई की है। किसानों की शिकायत के बाद उनका उर्वरक लाइसेंस निलंबित किया गया है। जांच चलने तक ये दुकानदार खाद की खरीद नहीं कर सकेंगे। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि किसानों ने कृषि विभाग के कंट्रोल रूम के नंबर पर तीन दुकानदारों की शिकायत की थी। इसमें दुकानदार यूरिया को तय मूल्य से अधिक दर पर बिक्री कर रहे थे। खाद की कमी बताकर भ्रमित करते हैं। शिकायत के आधार पर मोनू खाद बीज भंडार, अरनौटा पिनाहट, मां दुर्गा खाद बीज भंडार, बिहारीपुर, एत्मादपुर और कृष्णा बीज भंडार, ककुआ बरौली अहीर के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले में 17.23 हजार मीट्रिक टन यूरिया, 11.43 हजार मीट्रिक टन डीएपी और 13.13 हजार मीट्रिक टन एनपीके उर्वरक उपलब्ध है। किसान भ्रमित न हों, वे पैकेट पर दर्ज मूल्य पर ही खरीद करें।