आगरा में श्री शक्ति भजन मंडल ने नवरात्र के अवसर पर बुधवार को देवी शशिबाला की भव्य शोभायात्रा निकली गई। इसमें ढोल-नगाड़ों की धुन और भक्तिमय संगीत के बीच देवी देवताओं की 31 आकर्षक झांकियां थी। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षाकर स्वागत हुआ। समापन के बाद मंदिर में ज्योति प्रचंड (जगराता) व भगवती का गुणगान (कीर्तन) किया गया। इसे देखने के लिए मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शोभायात्रा में राधा-कृष्ण, शिव पार्वती, लक्ष्मी-नारायण, गोमाता का दूध पीते कन्हैया, बजरंग बली, खाटू नरेश और भारत माता की झांकियों ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। अंत में देवी शशि बाला की झांकी थी। इसका भोगीपुरा, रुई की मंडी, शाहगंज चौराहा, लोहामंडी बाजार, राजामंडी बाजार, एमजी रोड, पंचकुईयां चौराहे से होते हुए चिल्ली पाड़ा शाहगंज में समापन हुआ। शोभायात्रा में महंत हर्ष ढालिया, संजय अग्रवाल, सुनील करमचंदानी, धनश्याम हेमलानी, हेमंत भोजवानी, गौरव, शैलू भाई, ललित शर्मा, मोहन सिंह, सुनील, रेनू, एकता, बीनू, कंचन, पूजा आदि उपस्थित थे।