क्रिकेट में कुछ पल ऐसे होते हैं जो सिर्फ रिकॉर्ड नहीं बनाते बल्कि इतिहास रच देते हैं। रविवार को आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाला मुकाबला आगरा की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के लिए ऐसा ही एक ऐतिहासिक पल लेकर आया है। दीप्ति उस कीर्तिमान से सिर्फ एक विकेट दूर हैं जो उन्हें महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बना देगा। इस समय तीनों प्रारूपों टेस्ट, वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय को मिलाकर दीप्ति शर्मा के नाम 354 विकेट दर्ज हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक विकेट हासिल करते ही वह महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन जाएंगी। विश्वकप जैसे बड़े मंच पर यह रिकॉर्ड बनने की संभावना मुकाबले को और भी रोमांचक बना रही है। दीप्ति की इस संभावित उपलब्धि को और खास बनाती है इसकी दिलचस्प पृष्ठभूमि। 28 नवंबर, 2014 को बंगलूरू में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वनडे मैच में ही उन्होंने भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अपने पहले ही मुकाबले में दो विकेट लेकर उन्होंने भविष्य के बड़े संकेत दे दिए थे। अब 12 वर्ष बाद वही दक्षिण अफ्रीकी टीम अब उनके ऐतिहासिक रिकॉर्ड की साक्षी बन सकती है।