शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर मंगलवार को देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने नवदुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। देवी मंदिर में भक्तों ने चुनरी और नारियल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। कुछ मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रही। हाथों में पूजा के थाल और जल से भरे पात्र को लेकर श्रद्धालु सुबह पांच बजे से मां की अराधना के लिए मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गए। शहर के प्राचीन चामुंडा देवी मंदिर राजामंडी, कालीबाड़ी मंदिर नूरी दरवाजा, मां सिद्धिदात्री सतोगुणी दरबार इंद्रपुरी, पथवारी माता मंदिर पथवारी बेलनगंज, कामाख्या देवी मंदिर हाथी घाट, प्राचीन मां चामुंडा देवी मंदिर ढाकरान सहित विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा। घरों, मंदिरों और देवी पंडालों में हवन-पूजन कर मां की अराधना की गई। लक्ष्मी मंदिर बल्केश्वर सहित घरों में कन्या-लांगुर का पूजन किया गया। कन्याओं को भोजन और फलाहार कराकर श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया।