मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को आगरा आएंगे। वे कमिश्नरी सभागार में लोक निर्माण विभाग की नई-पुरानी परियोजनाओं, विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। सीएम तीन घंटे तक शहर में रहेंगे। सीएम के दौरे को लेकर जिला प्रशासन शनिवार रात तक सुरक्षा व यातायात व्यवस्था की तैयारियां को अंतिम रूप देने में जुटा रहा। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शनिवार शाम कमिश्नरी परिसर, मंडलायुक्त सभागार एवं सर्किट हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। सीएम को 23 जून को आगरा आना था, लेकिन लखनऊ में हुए अग्निकांड के कारण दौरा रद्द हो गया था।