फतेहपुर सीकरी। अटल आवासीय विद्यालय, कोरई में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आधुनिक तकनीक से परिचित कराने के उद्देश्य से कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें आगरा के विभिन्न प्रतिष्ठित सीबीएसई विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में नीलम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के असिस्टेंट प्रोफेसर कशफ खान ने मुख्य वक्ता के रूप में कम्प्यूटेशनल थिंकिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कम्प्यूटेशनल थिंकिंग के माध्यम से जटिल समस्याओं को छोटे-छोटे चरणों में बांटकर उनका समाधान खोजा जा सकता है। वहीं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा, चिकित्सा और विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को तकनीक का सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।