रांची टेस्ट के चौथे दिन का खेल खत्म होने पर भारत मजबूत स्थिती में पहुंच गया। आस्ट्रेलिया के 451 रनों के जवाब में तीसरे दिन के 360 रनों के स्कोर से आगे खेलते हुए भारत ने चेतेश्वर पुजारा के दोहरे शतक और विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा के शतक के दम पर पहली पारी 603 रन पर डिक्लेयर की और 152 रनों की बढ़त हासिल कर ली। वहीं चौथे दिन का खेल खत्म होने पर ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट के नुकसान पर 23 रन बनाए। पुजारा ने अपनी 202 रनों की पारी में 525 गेंदों का सामना किया, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज की ओर से टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में खेली गई सबसे ज्यादा गेंदें हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड राहुल द्रविड के पास था। 2004 में रावलपिंडी में पाकिस्तान के खिलाफ एक पारी में राहुल ने 495 गेंदों का सामना किया था। इसके साथ ही पुजारा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो दोहरे शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं, इससे पहले ये कारनामा सिर्फ सचिन तेंदुलकर ने किया था।