राजधानी शिमला में शनिवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश से पूरे शहर का मौसम सुहावना हो गया और लोगों को पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी व उमस से राहत मिली। दोपहर बाद शुरू हुई बारिश के कारण बाजारों और सड़कों पर मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों का सहारा लेना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन चालकों को भी धीमी गति से वाहन चलाने पड़े। बारिश के चलते शहर में ठंडक बढ़ गई और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से पहले ही बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया था। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।