हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के प्रभावी क्रियान्वयन और उसे अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महिला एवं बाल विकास विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बुधवार को राजधानी शिमला के टुटीकंडी स्थित हिमाचल प्रदेश महिला एवं बाल विकास निदेशालय में विभाग और एमएस आईपीई ग्लोबल लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान महिला एवं बाल विकास निदेशालय के निदेशक पंकज ललित ने विभाग की विभिन्न योजनाओं और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के उद्देश्य एवं क्रियान्वयन की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि इस पहल से योजना के संचालन को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बेहतर क्रियान्वयन, लाभार्थियों तक समयबद्ध पहुंच और विभिन्न स्तरों पर समन्वय बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने योजना के संचालन में गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा एमएस आईपीई ग्लोबल लिमिटेड के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) एम.के. पदम कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।