राजधानी शिमला के कमियाना स्थित हिल टॉप नेचर ट्रेल इन दिनों पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। करीब आठ हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित यह 2.5 किलोमीटर लंबी नेचर ट्रेल प्राकृतिक सौंदर्य, शांत वातावरण और आधुनिक सुविधाओं के कारण लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों पर्यटक और स्थानीय निवासी प्रकृति के बीच सैर का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। नेचर ट्रेल से शाली टिब्बा, महासू, मशोबरा और नालदेहरा पर्वत श्रृंखलाओं के मनमोहक दृश्य देखने को मिलते हैं। सुबह और शाम के समय यहां का वातावरण विशेष रूप से सुकूनभरा रहता है, जिससे यह स्थान प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए पसंदीदा डेस्टिनेशन बन गया है। ट्रेल पर बनाए गए वॉच टावर, योग प्वाइंट और थ्री-डी डिस्प्ले पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। इन सुविधाओं के कारण यहां आने वाले लोगों को प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ मनोरंजन और स्वास्थ्य से जुड़ा अनुभव भी मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस नेचर ट्रेल के विकसित होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। सप्ताहांत और छुट्टियों के दौरान यहां पर्यटकों की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।