फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udaipur: मोहनलाल सुखाड़िया की मूर्ति स्थापना को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, दी राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी

Thu, 31 Jul 2025 03:37 PM IST
उदयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और जननायक स्वर्गीय मोहनलाल सुखाड़िया की 109वीं जयंती पर गुरुवार को उदयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सुखाड़िया की मूर्ति की पुनः स्थापना की मांग की।

सुबह सबसे पहले कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सुखाड़िया सर्कल पहुंचे और वहां गिर चुकी मूर्ति के स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और सुखाड़िया की तस्वीर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि तीन महीने पहले सुखाड़िया सर्कल पर स्थापित प्रतिमा गिर गई थी, लेकिन अब तक न तो नई मूर्ति लगाई गई और न ही किसी प्रकार की कार्यवाही हुई। इस लापरवाही को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आमजन में भी गहरा रोष है।

ये भी पढ़ें: अब कड़ा और कृपाण पहनकर दे सकेंगे प्रतियोगी परीक्षाएं, सिख छात्रों के लिए सरकार ने बदला नियम

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि मोहनलाल सुखाड़िया को राजस्थान का भाग्यविधाता माना जाता है। उन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, सिंचाई और पंचायती राज जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य किए। ऐसे महापुरुष की मूर्ति का लंबे समय तक पुनः स्थापित न होना दुर्भाग्यपूर्ण और अपमानजनक है।

राठौड़ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मूर्ति की स्थापना नहीं की गई तो कांग्रेस उदयपुर ही नहीं, पूरे राजस्थान में आंदोलन करेगी। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि वह संवेदनशीलता दिखाते हुए इस मुद्दे को प्राथमिकता दे और मूर्ति स्थापना की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करे। प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए। सभी ने सुखाड़िया के योगदान को याद करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील की।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें