सांसद लुंबाराम चौधरी ने मंगलवार को हिल स्टेशन माउंटआबू पहुंचे। इस दौरान उन्होंने माउंटआबू से गुलाबगंज तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को पॉजिटिव सोच के साथ कार्य करने के आदेश दिए। गौरतलब है कि 23 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर 205 करोड़ रुपए खर्च होंगे। लंबे समय से क्षेत्रवासी इस सड़क का निर्माण करवाने की मांग कर रहे थे।
इस दौरान सांसद लुंबाराम चौधरी प्रस्तावित सड़क मार्ग का निरीक्षण के लिए वन विभाग, सावर्जनिक निर्माण, राजस्व एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ माउंटआबू से गुलाबगंज जाने वाले रास्ते पर पैदल पहुंचे। मौके की वर्तमान स्थिति देखी। अधिकारियों से पूर्व में इस मार्ग पर अकाल राहत में बनी सड़क व नालों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उनका कहना था कि संबंधित अधिकारी इस वैकल्पिक रास्ते पर डामर सड़क बने इसके लिए पॉजिटिव सोच के साथ कार्य करे ताकि, केंद्र सरकार की ओर से आवंटित 205 करोड़़ रुपए की लागत से यह 23 किमी सड़क जल्द बन सके।
पढ़ें: दूषित मावा मामला: अजमेर में खाद्य सुरक्षा टीम ने 400 किलो मावा करवाया नष्ट, खाद्य सुरक्षा विभाग ने की कार्रवाई
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अक्सर तेज बारिश में जब भी माउंटआबू से आबूरोड मार्ग पर चट्टाने गिरती है तो सड़क मार्ग बंद हो जाता है। इस वैकल्पिक सड़क की आवश्यकता व उपयोगिता को राज्य व केंद्र सरकार ने समझा। इस कारण 50 वर्षो से अधूरी पड़ी सड़क अब डबल इंजन की सरकार में बनेगी। इस मौके पर उनके साथ आईएफएस उप वन संरक्षक शुभम जैन, सावर्जनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता रमेश बराडा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, वन क्षेत्रीय अधिकारी, वनपाल व पटवारी भी मौजूद रहे।
सड़क निर्माण में नहीं आने देंगे कोई व्यवधान
सांसद चौधरी ने कहा कि उन्होंने सभी के साथ इस रास्ते पर पैदल चलकर रास्ते का अवलोकन किया और विश्वास दिलाया कि वे इस रास्ते मे आने वाली रुकावटों को दूर करवाने में कोई कमी नही रखेंगे। जल्द से जल्द इस सड़क का निर्माण हो उसके लिए एक वरिष्ठ अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से बात करेंगे। सर्किट हाउस में उपखंड अधिकारी आईएएस डॉ. अंशुप्रिया व अन्य अधिकारियों के बीच सांसद ने कहा कि यह सड़क बनवाना उनकी पहली प्राथमिकता है और इसके लिए वे हर स्तर पर इसकी मोनेटरिंग करेगें।
उन्होंने कहा कि इस वैकल्पिक सड़क बनने से जिला मुख्यालय की दूरी 45 किमी कम हो जाएगी और माउंट आबू काण्डला-दिल्ली नेशनल हाईवे से सीधा जुड़ जाएगा और देशी व विदेशी पर्यटकों की तादाद लगातार बढ़ेगी। इस सडक के बनने से क्षेत्र के लोगो को रोजगार के नये अवसर भी उपलब्ध होगें। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष अक्षय चौहान एवं प्रवक्ता सुनील आचार्य भी साथ में रहे।