सिरोही में तैनात आरटीओ इंस्पेक्टर सुरेंद्रसिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार करके गलत तरीके से पैसे कमाने की शिकायत मिलने पर बुधवार को एसीबी की आधा दर्जन टीमों ने उनके सिरोही एवं जयपुर स्थित विभिन्न ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इस दौरान टीम द्वारा विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि एसीबी को कुछ दिनों पहले शिकायत मिली थी कि सिरोही में तैनात आरटीओ इंस्पेक्टर सुरेंद्रसिंह चौहान ने भ्रष्टाचार कर गलत तरीके से पैसा कमाया है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने इसका सत्यापन करवाया और फिर कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की गई।
मामले में एसीबी द्वारा आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर 6 टीमों को जयपुर और सिरोही के लिए रवाना किया गया। टीमों द्वारा बुधवार सवेरे से ही चौहान के जयपुर में 5 और सिरोही में 1 एक ठिकाने पर सर्च चल रहा है। बताया जा रहा है कि एसीबी को कार्रवाई के दौरान कई अहम दस्तावेज मिले हैं। एसीबी जयपुर में बजाज नगर स्थित आवास, सीतापुरा में फैक्ट्री और अम्बाबाड़ी में कॉम्प्लेक्स में सर्च कर रही है। प्रारंभिक सर्च के दौरान एसीबी को डेढ़ लाख रुपये कैश मिला है। आरोपी सुरेंद्रसिंह चौहान के जयपुर स्थित आवास की तलाशी में 5 आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों के दस्तावेज मिले हैं। इनमें मालपुरा टोंक में करीब 48 लाख रुपए कीमत की 8 बीघा कृषि भूमि और अम्बाबाड़ी शॉपिंग सेंटर में पांच मंजिला व्यावसायिक परिसर शामिल हैं। वहीं करीब 6 लाख रुपये मूल्य के 30 किसान विकास पत्र, एफडीआर, लगभग 5.50 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और वाहन मिले हैं। इसके अलावा 1 बैंक लॉकर और 9 बैंक खाते तथा विदेश यात्राओं से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं।
सिरोही में भी दिनभर चली कार्रवाई
चौहान के सिरोही में हाउसिंग बोर्ड स्थित आवास में भी एसीबी की टीम सवेरे से जांच कर रही है। एसीबी के पास सूचना थी की सिरोही में ड्यूटी के दौरान इंस्पेक्टर सुरेन्द्रसिंह चौहान ने गलत तरीके से पैसा कमाया है और जयपुर समेत आसपास के इलाकों में जमीन भी खरीदी है। प्रारंभिक जानकारी में ये भी सामने आया है कि सुरेंद्रसिंह चौहान ने एक सोसाइटी से बैक डेट में पट्टे भी लिए हैं। इसके बाद एसीबी टीम सोसायटी संचालक के यहां भी पहुंची है। आगे की कार्रवाई अभी जारी है।