सीकर पुलिस ने कृषि मंडी में हुई चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा कर आरोपियों की मंडी में परेड करवाई। उसके बाद व्यापारियों ने सीकर पुलिस द्वारा चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने पर आभार भी जताया। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10-10 हजार के पांच इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि सीकर की कृषि उपज मंडी में एक साथ पांच दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है।
कार्रवाई में सीकर की उद्योग नगर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने अंतर्राज्यीय नकबजनी करने की गैंग का खुलासा किया है। इस गैंग को पकड़ने के लिए सीकर पुलिस ने 700 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, टोल नाकों पर जांच की और अज्ञात आरोपियों को चिन्हित किया। पकड़े गए आरोपी हरियाणा की सिक्का गैंग से जुड़े हैं, जो ट्रेन में वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों के द्वारा राजस्थान के अनेक जिलों और अन्य कई राज्यों में चोरी, नकबजनी जैसी वारदातों को अंजाम देना सामने आया है।
एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी यामीन निवासी हरियाणा, प्रवीण निवासी हिसार, अनिल निवासी हिसार, राहुल निवासी फतेहाबाद और श्रवण संगरूर पंजाब का रहने वाला है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी चोरी की वारदात करने के बाद रात्रि को ही अपने ठिकानों पर वापस चले जाते थे। गैंग ने सीकर में पांच जगह चोरी की वारदात करने से पहले धान मंडी राउतसर जिला हनुमानगढ़ में भी एक दर्जन दुकानों, घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात की थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़ी गई इस गैंग से अन्य कई वारदातों के भी खुलने की संभावना है।