नागौर जिले के पांचोड़ी थाना क्षेत्र के भेड़ गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब शातिर लूटेरों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को गैस कटर से चीरकर 12 लाख रुपये से अधिक की नकदी लूट ली। घटना शुक्रवार की मध्य रात्रि करीब दो बजे की बताई जा रही है, लेकिन सुबह बाजार खुलने पर लोगों ने कटे हुए एटीएम को देखा तो हड़कंप मच गया।
लूटेरों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया। सबसे पहले उन्होंने एटीएम के बाहर लगे शटर के दोनों ताले गैस कटर से काटे। इसके बाद अंदर घुसकर एटीएम मशीन को सामने से चीरा डाला और कैश बॉक्स निकालकर उसमें रखी नकदी साफ कर दी। सबसे बड़ी चालाकी यह दिखाई कि बदमाश एटीएम का DVR भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, ताकि उनकी तस्वीर कैद न हो सके। सुबह करीब साढ़े आठ बजे जब ग्रामीण एटीएम के पास पहुंचे तो कटा हुआ शटर और अंदर बिखरा हुआ सामान देखकर दंग रह गए। तुरंत पांचोड़ी थाने को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मय पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। नागौर वृत्ताधिकारी राम प्रताप बिश्नोई और ASP आशाराम खटकड़ भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।
ये भी पढ़ें: मातम में बदलीं खुशियां, शादी के कार्ड बांटने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, जीजा गंभीर घायल
वृत्ताधिकारी राम प्रताप ने बताया कि एटीएम में कुल 12 लाख रुपये से कुछ अधिक राशि थी, जिसमें से ज्यादातर नकदी लूटेरों ने ले ली। दिन में एटीएम की सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात रहता है, लेकिन रात 12 बजे शटर बंद करके वह घर चला गया था। बदमाशों ने इसी मौके का फायदा उठाया।
पुलिस ने बताया कि लूटेरों की संख्या और उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए वाहन की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एक संदिग्ध कार की तलाश की जा रही है जो रात में गांव के आसपास देखी गई थी। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। ग्रामीणों में दहशत है। लोग कह रहे हैं कि गांव में पहली बार इतनी बड़ी और इतनी प्लानिंग वाली लूट हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अंतरराज्यीय गैस कटर गिरोह की तलाश तेज कर दी है। फिलहाल पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है और लूटे गए DVR व नकदी की बरामदगी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।