कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस थाना कोटपूतली की टीम ने नाकाबंदी के दौरान टाटा मिनी कंटेनर से कुल 437 पेटियां शराब बरामद की और दो तस्करों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया।
नाकाबंदी में खुला बड़ा खेल
14 फरवरी 2026 को पुलिस ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर एचआर 55 एई 4046 नंबर के टाटा मिनी कंटेनर को रोककर तलाशी ली। जांच में अलग-अलग ब्रांड की भारी मात्रा में शराब मिली। बरामद शराब में रॉयल स्टैग की 148 पेटियां, रॉयल चैलेंज की 173 पेटियां, मैजिक मोमेंट्स की 81 पेटियां और स्मिरनॉफ की 35 पेटियां शामिल हैं। कुल 437 पेटियों की बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।
वाहन जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
शराब परिवहन में प्रयुक्त टाटा मिनी कंटेनर को जब्त कर लिया गया है। मौके से बिल्लू उर्फ़ खिल्लू (45) और नवीन उर्फ़ टोनी (30), निवासी बास पदम, थाना पटौदी, जिला गुरुग्राम (हरियाणा), को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें: मेड़ता सिटी में सेना का वाहन पलटा, दो सैनिक गंभीर रूप से घायल, अजमेर रेफर
नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की सप्लाई कहां होनी थी और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और माफिया पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, जयपुर रेंज, राघवेन्द्र सुहास द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। उपमहानिरीक्षक और सह जिला पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड़, देवेन्द्र कुमार बिश्नोई, के निर्देश पर अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है।